किसी अपने की चिंता है? — क्या देखें और बात कैसे करें

अगर आपको लगता है कि आपके घर में कोई नशा कर रहा है — आप सही जगह आए हैं। यहाँ कोई आपसे नाम नहीं पूछेगा, और कोई फ़ीस नहीं है।

पहले यह जान लीजिए: नशे की लत एक बीमारी है, चरित्र की कमी नहीं। इसका इलाज होता है, और सरकारी केंद्रों में मुफ़्त होता है।

जान का ख़तरा हो तो रुकिए मत — बेहोशी, दौरा, साँस लेने में तकलीफ़, नीले होंठ या सीने में दर्द: तुरंत 108 या 112 पर फ़ोन कीजिए। पहले अस्पताल, बाक़ी सब बाद में।

क्या-क्या दिख सकता है

इनमें से कोई एक बात अकेली कुछ साबित नहीं करती। पर कई बातें एक साथ दिखें, तो बात करने का समय आ गया है।

  • सोने और जागने का समय बदल जाना, दिन भर नींद आना
  • पैसे का हिसाब न मिलना, घर से सामान गुम होना
  • पुराने दोस्त छूट जाना, नए दोस्तों के बारे में कुछ न बताना
  • पढ़ाई या काम में अचानक गिरावट
  • छोटी-सी बात पर बहुत ग़ुस्सा, या बिल्कुल चुप्पी
  • कमरे में अजीब गंध; बिना किसी बीमारी के दवा की पत्तियाँ या शीशियाँ
  • आँखें लाल रहना, वज़न तेज़ी से घटना, हाथ काँपना

बात कैसे शुरू करें

पहली बार में कोई हाँ नहीं कहता। यह सामान्य है — और यह कोशिश छोड़ने की वजह नहीं है।

ऐसे कहिएऐसे मत कहिए
मुझे तुम्हारी फ़िक्र है। कुछ परेशानी है तो बताओ।तू नशेड़ी हो गया है।
इलाज होता है, और मुफ़्त होता है। चलो एक बार डॉक्टर से मिल लेते हैं।तूने घर की इज़्ज़त मिट्टी में मिला दी।
जो हुआ सो हुआ। आगे क्या करना है, वो सोचते हैं।अब तेरा कुछ नहीं हो सकता।
तुम अकेले नहीं हो। हम साथ चलेंगे।तेरी वजह से सब परेशान हैं।

शब्द मायने रखते हैं। शोध में पाया गया है कि नशेड़ी जैसे शब्द सुनने वाले का रवैया सज़ा देने वाला बना देते हैं — यहाँ तक कि डॉक्टरों का भी। कहिए: नशे की बीमारी से जूझ रहा व्यक्ति।

आप किसकी चिंता कर रहे हैं

  • बेटा या बेटी — पहले डाँट नहीं, सवाल। दोस्तों और स्कूल का माहौल समझिए। स्कूल के नशे अक्सर व्हाइटनर, सुलेशन या दवा होते हैं, न कि वह जो आप सोच रहे हैं।
  • पति या पत्नी — पहले घर की सुरक्षा और पैसे का इंतज़ाम। अगर मारपीट हो रही है तो वह अलग मदद माँगने की बात है, छिपाने की नहीं।
  • माता या पिता — बड़ों में शराब और नींद या दर्द की दवा की लत सबसे ज़्यादा छिपी रहती है। डॉक्टर को पूरी दवा की सूची दिखाइए।
  • दोस्त — रिश्ता तोड़े बिना साथ दीजिए। आपका साथ ही उसे केंद्र तक ला सकता है।

अगला क़दम — अपने ज़िले के मुफ़्त सरकारी केंद्र देखिए · पहली बार केंद्र जाने पर क्या होता है · ज़बरदस्ती भर्ती कराना चाहिए?

जाने से पहले फ़ोन ज़रूर कर लीजिए — बिस्तर है या नहीं, यह पहले पूछ लें। और अकेले मत जाइए, परिवार का कोई एक व्यक्ति साथ हो।

यह पेज डॉक्टर की सलाह नहीं है। राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन: 14446 (मुफ़्त, 24 घंटे)।

🚨 तुरंत मदद: 108 / 112 आपातकाल · 14446 नशा मुक्ति · 14416 मानसिक स्वास्थ्य — सरकारी, 24×7
मदद चाहिए? 95093 02114 (call/WhatsApp)

अगला कदम — देर मत कीजिए

पढ़ना पहला कदम है, इलाज दूसरा। अपने ज़िले का सरकारी या मान्यता प्राप्त केंद्र अभी खोजिए, या हमसे सीधे बात कीजिए — जानकारी पूरी तरह गुप्त रहती है।

नशा मुक्ति की नई जानकारी, आँकड़े और जागरूकता कार्यक्रम

सबसे पहले हमारे पेज पर आते हैं। जुड़े रहिए।

यह website शिक्षा और जागरूकता के लिए है और किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। सारी स्वास्थ्य-सामग्री की चिकित्सकीय समीक्षा Dr. Brij Kishore Saini, MBBS, MD (Psychiatry) करते हैं। 14446, 14416, 108/112 भारत सरकार की सेवाएँ हैं — इनका संचालन सबल ट्रस्ट नहीं करता। किसी भी आपातकाल में पहले 108/112 पर call करें।

Scroll to Top