आपातकाल — जब कोई बेहोश हो जाए

नशे से जुड़ी चार हालतें ऐसी हैं जिनमें मिनटों का फ़र्क़ पड़ता है। यह पन्ना उन्हीं के लिए है — कैसे पहचानें, पहला क़दम क्या हो, और क्या बिल्कुल नहीं करना।

कोई बेहोश है, साँस टूट रही है, या दौरा पड़ा है —

☎ अभी 108 दबाइए

108 न लगे तो 112 · एम्बुलेंस मुफ़्त है · सरकारी अस्पताल में इलाज मुफ़्त है

  1. फ़ोन कीजिए

    108 या 112। बोलिए: “बेहोश है, साँस धीमी है।” पता साफ़-साफ़ बताइए।

  2. करवट पर लिटाइए

    सीधा पीठ के बल मत लिटाइए — उल्टी आने पर दम घुट सकता है। नीचे चित्र देखिए।

  3. साँस देखते रहिए

    छाती ऊपर-नीचे हो रही है या नहीं। रुक जाए तो फ़ोन पर बताइए, वे बताएँगे क्या करना है।

  4. साथ रहिए

    अकेला मत छोड़िए। एम्बुलेंस आने तक पास बैठे रहिए, हालत बदले तो देखते रहिए।

करवट पर लिटाने का तरीक़ा

एक करवट पर · ऊपर वाला घुटना मोड़कर आगे टिका दीजिए ताकि वह पलटे नहीं · मुँह थोड़ा नीचे और ठोड़ी ऊपर, ताकि उल्टी बाहर निकले और साँस का रास्ता खुला रहे

चार हालतें — कैसे पहचानें

  • सबसे जानलेवा

    अफ़ीम-परिवार की ज़्यादा मात्रा

    स्मैक, चिट्टा, हेरोइन, अफ़ीम, डोडा-पोस्त, दर्द या नींद की गोलियाँ

    • जगाने पर नहीं जागता, आवाज़ का जवाब नहीं
    • साँस बहुत धीमी या उथली — छाती मुश्किल से उठती है
    • होंठ और नाख़ून नीले पड़ना
    • आँख की पुतलियाँ सुई की नोक जितनी छोटी
    • शरीर ठंडा पड़ जाना, खर्राटे जैसी घरघराहट

    दो बातें जिन पर लोग धोखा खा जाते हैं: साँस की गिनती सामान्य लग सकती है और फिर भी साँस उथली हो — “साँस तो ले रहा है” सोचकर निश्चिंत मत होइए। और कुछ नशों में पुतलियाँ छोटी नहीं भी होतीं — इससे ओवरडोज़ ख़ारिज मत कीजिए।

  • पहली बार में भी हो सकता है

    सूँघने वाले नशे

    व्हाइटनर, सॉल्यूशन, पेट्रोल, थिनर, गोंद

    • अचानक गिर जाना, बेहोशी
    • दिल की धड़कन बहुत तेज़ या बेतरतीब
    • दौरा पड़ना
    • मुँह के आसपास दाने, कपड़ों से रसायन की गंध

    इसमें दिल कुछ ही मिनटों में रुक सकता है, और इसके लिए लंबी लत ज़रूरी नहीं — पहली बार में भी हो सकता है। भागदौड़ या डाँट से धड़कन और बिगड़ती है — बच्चे को शांत रखिए।

  • नशे में नहीं — बीमार है

    बहुत ज़्यादा शराब

    • जगाने पर नहीं जागता
    • उल्टी करते हुए बेहोश
    • साँस धीमी या रुक-रुककर
    • शरीर ठंडा, त्वचा चिपचिपी या नीली
    • दौरा पड़ना

    “सो जाने दो, सुबह ठीक हो जाएगा” — यहीं सबसे ज़्यादा मौतें होती हैं। बेहोशी में उल्टी से दम घुटता है, और शराब सोने के बाद भी ख़ून में बढ़ती रहती है।

  • छोड़ने पर भी ख़तरा

    शराब छोड़ने पर दौरे

    • शराब बंद करने के बाद दौरा पड़ना
    • तेज़ काँपना के साथ बुख़ार
    • बहकी-बहकी बातें, न दिखने वाली चीज़ें दिखना
    • बहुत ज़्यादा पसीना, घबराहट, नींद बिल्कुल न आना

    यही वह अकेला नशा है जिसे अचानक छोड़ना ही जानलेवा हो सकता है। इसीलिए शराब की डिटॉक्स डॉक्टर की निगरानी में ही होनी चाहिए — घर पर ज़बरदस्ती बंद करवाना ख़तरनाक है।

यह बिल्कुल मत कीजिए

  • बेहोश आदमी को पानी, चाय, दूध या कुछ भी मुँह से मत दीजिए। वह निगल नहीं सकता — सीधे फेफड़ों में जाएगा।
  • उल्टी कराने की कोशिश मत कीजिए। नमक-पानी, उँगली डालना, कुछ नहीं। इससे दम घुटता है।
  • ठंडा पानी मत डालिए, थप्पड़ मत मारिए। इससे होश नहीं आता, शरीर और ठंडा पड़ता है।
  • चाय-कॉफ़ी से नशा नहीं उतरता। न ठंडे फ़व्वारे से, न चलाने से। सिर्फ़ समय और इलाज से उतरता है।
  • “सो जाने दो” मत सोचिए। बेहोशी नींद नहीं है।
  • पुलिस के डर से देर मत कीजिए। अस्पताल इलाज के लिए है। जान पहले, बाक़ी सब बाद में।
  • अकेला मत छोड़िए — एक पल के लिए भी नहीं।

नेलोक्सोन — और अस्पताल में क्या बताएँ

एक दवा है जो अफ़ीम-परिवार की ओवरडोज़ पलट देती है

उसका नाम नेलोक्सोन है। यह नशा नहीं है और जिसने नशा नहीं लिया, उस पर इसका कोई असर नहीं होता। यह अफ़ीम-परिवार के नशे का असर हटाकर साँस लौटा देती है — अक्सर कुछ ही मिनटों में। अस्पतालों की आपातकालीन इकाई में यह बरसों से रखी जाती है।

तीन बातें जो साथ ही जान लेनी चाहिए:

1. इसका असर आधे से डेढ़ घंटे में उतर जाता है, जबकि नशा शरीर में उससे ज़्यादा देर रहता है — इसलिए आदमी दोबारा डूब सकता है। होश आ जाने पर भी अस्पताल ले जाना ज़रूरी है, चाहे वह कहे कि अब ठीक है।

2. होश आते ही अचानक तेज़ विदड्रॉअल होता है — उल्टी, पसीना, घबराहट, कई बार ग़ुस्सा। यह दवा की ख़राबी नहीं, उसका काम है।

3. यह सिर्फ़ अफ़ीम-परिवार पर चलती है। शराब, नींद की गोलियों, MD या गांजे पर नहीं। और मिला-जुला नशा बहुत आम है — इसीलिए अस्पताल फिर भी ज़रूरी है।

अगर घर में किसी को अफ़ीम-परिवार के नशे की लत है, तो अपने डॉक्टर या नज़दीकी नशा मुक्ति केंद्र से इसके बारे में एक बार ज़रूर पूछिए। यह वेबसाइट दवा की मात्रा या ख़रीदने का तरीक़ा नहीं बताती — वह डॉक्टर के बताने की बात है।

अस्पताल पहुँचकर यह ज़रूर बताइए

  • क्या लिया — नाम न पता हो तो पुड़िया, शीशी, पत्ता या सिरिंज साथ ले जाइए
  • कितना और कब — अंदाज़ा भी बताइए, कुछ न बताने से बेहतर है
  • और क्या-क्या लिया — शराब, गोलियाँ, कुछ भी। एक से ज़्यादा चीज़ें बहुत आम हैं
  • कोई बीमारी या दवा — मिर्गी, दमा, शुगर, दिल की दवा, कुछ भी

सच बताने से मुक़दमा नहीं चलता — छिपाने से इलाज ग़लत हो जाता है। डॉक्टर को यह जानना ही होता है कि शरीर में क्या गया है, वरना वे अंधेरे में इलाज करेंगे। और याद रखिए — बेहोशी की वजह नशा न होकर सिर की चोट, शुगर या कोई और बीमारी भी हो सकती है। इसीलिए अस्पताल ज़रूरी है।

अगला क़दम — अपने ज़िले का मुफ़्त सरकारी केंद्र देखिए · किसी अपने की चिंता है? · कैसे पहचानें कि घर में कोई नशा कर रहा है

यह पन्ना छापकर घर में या केंद्र में लगा सकते हैं। आपातकाल में पढ़ने का समय नहीं मिलता — पहले से पढ़ा होना ही काम आता है।

यह पेज डॉक्टर की सलाह नहीं है। आपातकाल में सबसे पहले 108 या 112। राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन: 14446 (मुफ़्त, 24 घंटे)। स्रोत: Substance Use Disorder — Handbook for Physicians (NDDTC-AIIMS / MoSJE), अध्याय 13 — ओवरडोज़ प्रबंधन · चिकित्सकीय समीक्षा: डॉ. बृज किशोर सैनी, MBBS, MD (मनोचिकित्सा) · अंतिम अद्यतन: नवंबर 2026 · अगली समीक्षा: नवंबर 2027।

🚨 तुरंत मदद: 108 / 112 आपातकाल · 14446 नशा मुक्ति · 14416 मानसिक स्वास्थ्य — सरकारी, 24×7
मदद चाहिए? 95093 02114 (call/WhatsApp)

अगला कदम — देर मत कीजिए

पढ़ना पहला कदम है, इलाज दूसरा। अपने ज़िले का सरकारी या मान्यता प्राप्त केंद्र अभी खोजिए, या हमसे सीधे बात कीजिए — जानकारी पूरी तरह गुप्त रहती है।

नशा मुक्ति की नई जानकारी, आँकड़े और जागरूकता कार्यक्रम

सबसे पहले हमारे पेज पर आते हैं। जुड़े रहिए।

यह website शिक्षा और जागरूकता के लिए है और किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। सारी स्वास्थ्य-सामग्री की चिकित्सकीय समीक्षा Dr. Brij Kishore Saini, MBBS, MD (Psychiatry) करते हैं। 14446, 14416, 108/112 भारत सरकार की सेवाएँ हैं — इनका संचालन सबल ट्रस्ट नहीं करता। किसी भी आपातकाल में पहले 108/112 पर call करें।

Scroll to Top